डॉ. संजय यादव, सहायक आचार्य, स्वामी विवेकानंद केंद्र कॉलेज ऑफ़ टीचर एजुकेशन द्वारा 4 जुलाई 2026 से 11 जुलाई 2026 तक बैंकॉक, थाईलैंड का शैक्षिक भ्रमण किया गया। इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य भारत और थाईलैंड के मध्य शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का अध्ययन करना, हिन्दी भाषा के वैश्विक स्वरूप को समझना तथा वहाँ संचालित हिन्दी एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार से संबंधित गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना था।
चुलालोंगकोर्ण विश्वविद्यालय, बैंकॉक के भ्रमण के दौरान विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य श्री कितिपोंग बुन्कर्ड जी से भेंट एवं शैक्षणिक संवाद का अवसर प्राप्त हुआ, जो पीएचडी (हिन्दी) में शोधरत भी हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में हिन्दी अध्ययन एवं भारत-थाई शैक्षिक संबंधों की जानकारी दी। विद्यार्थियों से वार्तालाप के दौरान हिन्दी भाषा सीखने के प्रति उनका उत्साह एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी रुचि देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।
थाई-भारत सांस्कृतिक आश्रम में हिन्दी एवं भारतीय संस्कृति से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन किया गया। यह संस्थान दोनों देशों के सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संबंधों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, बैंकाक का भी भ्रमण किया गया। इस अवसर पर केंद्र के निदेशक डॉ. चैतन्य प्रकाश योगी जी तथा कार्यक्रम प्रबंधक श्री संतोष कुमार जी से भेंट एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने विदेशों में हिन्दी, भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
यह शैक्षिक भ्रमण अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस यात्रा से यह स्पष्ट हुआ कि थाईलैंड में हिन्दी भाषा एवं भारतीय संस्कृति के प्रति निरंतर रुचि बढ़ रही है। ऐसे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान संबंधी कार्य भारत और थाईलैंड के मध्य मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
